अरावली में अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस, कलेक्टर का औचक दौरा


मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध खनन पर सख्ती और अरावली पर्वतमाला के संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है। जिला कलक्टर नमित मेहता स्वयं इसकी नियमित निगरानी कर रहे हैं। इसी क्रम में गुरूवार को जिला कलक्टर ने बड़गांव उपखंड अंतर्गत ईसवाल एवं लोसिंग क्षेत्र का औचक दौरा कर जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस दौरान उदयपुर विकास प्राधिकरण आयुक्त राहुल जैन भी उनके साथ रहे।
संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री मेहता तथा आयुक्त श्री जैन गुरूवार शाम बड़गांव क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने उपखंड अधिकारी एवं तहसीलदार से क्षेत्र में अब तक की गई कार्रवाई, जब्ती, एफआईआर, सीज की गई मशीनरी तथा निगरानी तंत्र की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अरावली क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
लोसिंग तालाब की पाल का भी किया अवलोकन
दौरे के दौरान कलेक्टर मेहता ने लोसिंग तालाब की पाल का निरीक्षण कर उसकी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने उपखंड अधिकारी को आवश्यकतानुसार सौंदर्यीकरण कार्य करवाने, साफ-सफाई, हरियाली बढ़ाने तथा संरचनात्मक मजबूती के उपाय करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन बना रहे। इस दौरान बड़गांव उपखंड अधिकारी लतिका पालीवाल, तहसीलदार हितेश जोशी सहित यूडीए एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।









