शहर में अतिक्रमण, साफ़ सफाई पर कलक्टर ने दिए निर्देश


जिला कलक्टर एवं नगर निगम के प्रशासक नमित मेहता ने बुधवार को निवास पर नगर निगम के अधिकारियों की बैठक ली। इसमें उन्होंने पर्यटन सीजन के मद्देनजर शहर में साफ-सफाई तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और शहर में चली रही अतिक्रमण कार्यवाही पर भी निर्देश दिए।
जिला कलक्टर श्री मेहता ने नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना से शहर में निगम की ओर से चल रही अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमणों को हटाने की कार्यवाही जारी रखने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट हिदायत दी कि प्रशासन का उद्देश्य किसी का नुकसान करना नहीं है।
अतिक्रमण पर कार्यवाही से पहले की जाये मुनादी
जिला कलक्टर ने कहा कि कार्यवाही से पहले कम से कम 72 घंटे पूर्व संबंधित लोगों को मुनादी या डोर-टू-डोर माध्यम से इसकी सूचना दी जाए, ताकि व्यापारी अथवा संबंधित परिवार अपना सामान स्वयं हटा लें। इसके लिए उन्हांने माइक से व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा मियाद पूरी होनेके बाद अतिक्रमण हटाए जाने के निर्देश दिए।
हाथीपोल सब्जी मंडी शिफ्टिंग
उन्होंने हाथी पोल सब्जी मंडी की शिफि्ंटग सही तरीके से कराने तथा इसके बाद पूर्व में चिन्हित अन्य स्थलों पर भी मंडी शिफ्टिंग को लेकर उचित कदम उठाने के भी निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त श्री खन्ना ने शहर में दो-तीन स्थलों पर पार्किंग के लिए स्थल चिन्हित किए जानेकी भी जानकारी दी।
शहर में साफ़ सफाई
जिला कलक्टर ने शहर की सफाई व्यवस्था का भी फीडबैक लिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन है तथा शादियां भी बहुत हैं। ऐसे में बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहेगी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति सफाई के मामले में उदयपुर की नकारात्मक छवि लेकर नहीं आए यह प्रयास सभी को मिलकर करने होंगे।उन्होंने सार्वजनिक शौचायलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने, जर्जरहाल शौचालयों की मरम्मत कराने तथा बिल्कुल अनुपयोगी होने पर उन्हें ध्वस्त कराने की कार्यवाही प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने आगामी दिनों में प्रस्तावित स्वच्छ सर्वे को लेकर भी व्यापक कार्ययोजना बनाते हुए दिसम्बर माह के प्रथम सप्ताह से उसकी क्रियान्विति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान निरीक्षक मांगीलाल डांगी, स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा आदि भी उपस्थित रहे।









