कांस्टेबल भर्ती–2025: अनुपस्थित अभ्यर्थियों को अंतिम मौका

 कांस्टेबल भर्ती–2025: अनुपस्थित अभ्यर्थियों को अंतिम मौका

जिला उदयपुर में चल रही कांस्टेबल भर्ती–2025 प्रक्रिया के तहत दस्तावेज सत्यापन, बायोमेट्रिक सत्यापन एवं मेडिकल परीक्षण में अनुपस्थित रहे अभ्यर्थियों को प्रशासन ने अंतिम अवसर प्रदान किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि कांस्टेबल सामान्य (नॉन-टीएसपी) श्रेणी के 30 तथा कांस्टेबल चालक श्रेणी के 1 अभ्यर्थी को यह अंतिम मौका दिया जा रहा है। संबंधित सभी अभ्यर्थियों को 3 जनवरी 2026 को सुबह 8 बजे जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उदयपुर के कक्ष संख्या 211 में उपस्थित होना अनिवार्य होगा।

इस दौरान अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन, बायोमेट्रिक प्रक्रिया तथा मेडिकल परीक्षण किया जाएगा। अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ उनकी स्व-सत्यापित छायाप्रतियां भी साथ लानी होंगी।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता या अन्य मानदेय देय नहीं होगा। यह अवसर अंतिम होने के कारण संबंधित अभ्यर्थियों को समय पर उपस्थित रहने की अपील की गई है।

Related post