उदयपुर सेंट्रल जेल में तलाशी के दौरान बंदियों का हमला, उपाधीक्षक समेत 4 प्रहरी घायल


उदयपुर की सेंट्रल जेल में गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब तलाशी के दौरान कुछ बंदी अचानक आक्रामक हो गए और जेल स्टाफ पर हमला कर दिया। इस हमले में जेल उपाधीक्षक मोहन मीणा सहित चार प्रहरी घायल हो गए, जबकि एक प्रहरी के हाथ पर धारदार पत्ती लगने से गहरा घाव आया है।
जानकारी के अनुसार, जेल में नियमित तलाशी चल रही थी। इसी दौरान 5-6 बंदी भड़क उठे। बंदी साहिल अली ने बर्तन को घिसकर बनाई गई धारदार पत्ती से जेल प्रहरी शिवचरण सिंह पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ पर गंभीर चोट आई।
स्थिति को काबू में करने के लिए मौके पर पहुंचे उपाधीक्षक मोहन मीणा, मुख्य प्रहरी योगेश कुमार, रोहिताश जाट और सांवरमल पर भी बंदियों ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से जेल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। जेल स्टाफ ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी हमलावर बंदियों को काबू में कर हालात पर नियंत्रण पाया।
इस मामले में उपकारापाल अचलाराम की रिपोर्ट पर सूरजपोल थाने में पांच बंदियों—साहिल अली, जितेंद्र सिंह हुल्दानी उर्फ सुरेंद्र, संजय कुमार उर्फ बचिया, विक्रम कुमार जाट और रामहरि के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद जेल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं









