मेवाड़ा कलाल समाज का 21 वां सामूहिक विवाह संपन्न, 19 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

 मेवाड़ा कलाल समाज का 21 वां सामूहिक विवाह संपन्न, 19 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

मात्र एक रुपए के शगुन में वैवाहिक बंधन में बंधे जोडे

चौधरी मेवाड़ा कलाल समाज सेवा संस्थान, उदयपुर द्वारा शनिवार को प्रथम निःशुल्क 21वां सामूहिक विवाह समारोह भव्य रूप से आयोजित किया गया। अध्यक्ष लोकेश चौधरी की अध्यक्षता में सत्यनाम फार्म, मेघा आवास योजना (प्रतापनगर) में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्याम सुंदर चौधरी के आतिथ्य में 19 जोड़ों ने एक साथ वैवाहिक जीवन में प्रवेश किया।

भव्य शोभायात्रा से हुई शुरुआत

समाज प्रवक्ता शैलेंद्र चौधरी (खेमली) ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भव्य शोभायात्रा से हुआ। यह शोभायात्रा नाकोडानगर स्थित माउंट व्यू स्कूल के सामने से प्रारंभ होकर विवाह स्थल सत्यनाम फार्म पहुँची।
शोभायात्रा में वर घोड़ों पर सवार थे, जबकि वधुएँ सुसज्जित बग्घियों में विराजमान होकर पहुँचीं। विवाह स्थल पर एक साथ 19 दुल्हनों ने परंपरागत तोरण रस्म अदा की। प्रातः बिंदोली निकाली गई, इसके पश्चात विधिवत वैवाहिक संस्कार संपन्न हुए और सामूहिक भोजन प्रसादी आयोजित की गई। बाहर से आए परिवारों के ठहराव एवं भोजन की समुचित व्यवस्था संस्थान द्वारा की गई।

व्यापक सहभागिता

शोभायात्रा एवं समारोह में उदयपुर शहर सहित लसाड़िया, कुराबड़-बम्बोरा, बाड़ीसादड़ी, भींडर-कानोड़, गोगुंदा, वल्लभनगर, डूंगला, मावली, राजसमंद, डूंगरपुर तथा मध्यप्रदेश एवं गुजरात से बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे। मंच से अतिथियों का स्वागत समाज के महामंत्री एडवोकेट बंशीलाल चौधरी ने किया।

समाज के पदाधिकारी व इकाइयों की सक्रिय भूमिका

कार्यक्रम में समाज के उपाध्यक्ष अशोक चौधरी (देबारी), संगठन मंत्री विकास चौधरी, कोषाध्यक्ष प्रताप चौधरी (खालातोड़), शहर इकाई अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी सहित विभिन्न क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्ष एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सरकारी अनुदान समिति, विभिन्न आयोजन समितियों के प्रभारी, सहप्रभारी, महिला समिति, युवा कार्यकर्ताओं तथा स्वयंसेवकों ने अलग-अलग दायित्वों का सफल निर्वहन किया।

महिला एवं युवा सहभागिता

महिला समिति प्रभारी सोनाली चौधरी, चंदा चौधरी, दीपिका चौधरी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। युवाओं एवं कार्यकर्ताओं ने शोभायात्रा, भोजन, आवास, पेयजल, उपहार वितरण और अन्य व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित किया।

आयोजन का संदेश

समाज अध्यक्ष लोकेश चौधरी ने कहा कि यह समाज का पहला पूर्णतः निःशुल्क सामूहिक विवाह आयोजन था, जिसमें 19 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। महामंत्री एडवोकेट बंशीलाल चौधरी ने इसे गरीब एवं असहाय परिवारों के लिए अत्यंत सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि यह आयोजन समाज की एकता, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व का सशक्त उदाहरण है।

सम्मान समारोह

समारोह में समाज के भामाशाहों का मोमेंटो, पगड़ी एवं उपरना से सम्मान किया गया। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली विभिन्न व्यवस्था समितियों के प्रभारी, सहप्रभारी एवं सदस्यों को भी सम्मानित किया गया।

Related post