उदयपुर की लेक्रोज प्रतिभा मीरा दौजा जनजाति गौरव से सम्मानित


मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर में राज्य स्तरीय समारोह में किया सम्मानित
भगवान बिरसा मुंडा जयंती के अवसर पर डूंगरपुर में आयोजित राज्य स्तरीय जनजाति गौरव दिवस समारोह में माणस, झाड़ोल (उदयपुर) की अंतरराष्ट्रीय लेक्रोज खिलाड़ी मीरा दौजा को खेल के क्षेत्र में उनकी विशिष्ट उपलब्धि के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जनजाति गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।
मीरा दौजा ने समरकंद, उज़्बेकिस्तान में आयोजित एशियन लेक्रोज गेम्स में अपने उत्कृष्ट कौशल का प्रदर्शन करते हुए भारत को रजत पदक दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। समारोह में जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, राज्यसभा सांसद चुन्नीलाल गरासिया, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, एसीएस कुंजीलाल मीणा, उदयपुर संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं उच्च अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मीरा दौजा को सम्मानित किए जाने पर लेक्रोज फेडरेशन ऑफ इंडिया के सीईओ तौसिफ लारी, राजस्थान लेक्रोज संघ के अध्यक्ष अशोक परनामी, सीईओ शहजाद खान, माणस सरपंच कउवाराम खराड़ी तथा प्रशिक्षक नीरज बत्रा ने उन्हें हार्दिक बधाई दी। उन्होंने राजस्थान सरकार द्वारा लक्ष्य ओलंपिक के तहत लेक्रोज जैसे ओलंपिक खेलों एवं जनजाति क्षेत्र की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे सार्थक एवं अनुकरणीय कार्यों की सराहना भी की।









